कोटा में रविवार सुबह से रुक-रुककर बारिश हुई। दोपहर बाद कोटा-झालावाड़ हाईवे पर मौजूद गोपालपुरा और उमेदपुरा गांव में 20 मिनट की तेज ओलावृष्टि हुई, खेतों में खड़ी गेहूं और धनिया की फसल को भारी नुकसान हुआ है। ओलावृष्टि के कारण गेहूं की फसलें आड़ी पड़ गई हैं। कोटा ग्रामीण क्षेत्र के दीगोद, किशोरपुरा और डूंगरज्या इलाकों में मावठ हुई। पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने कोटा और बूंदी सहित हाड़ौती संभाग के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। रविवार को कोटा में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि शनिवार को अधिकतम तापमान 24.7 डिग्री और न्यूनतम 11.9 डिग्री सेल्सियस रहा। अब देखिए, कोटा के मौसम से जुड़ी PHOTOS… 20 मिनट तक तेज ओलावृष्टि हुई कोटा-झालावाड़ हाईवे पर मौजूद गोपालपुरा और उमेदपुरा गांव में दोपहर बाद 20 मिनट तक तेज ओलावृष्टि हुई। किसान रामभरोस ने बताया कि मेरा 10 बीघा और 6 बीघा का अलग-अलग जगह खेत है, दोनों तरफ गेहूं और धनिया की फसल खड़ी हुई थी। आज तेज 20 मिनट से अधिक ओलावृष्टि हुई, जिससे खेत में खड़ी फसल आड़ी पड़ गई। फसल को काफी ज्यादा नुकसान हुआ है। सड़कों पर हल्का कोहरा शहर में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। बीच-बीच में धूप की हल्की झलक दिखी। सड़कों पर हल्का कोहरा छाया हुआ है। बारिश और उससे चलने वाली ठंडी हवा ने ठंड बढ़ा दी है। मौसम में इस बदलाव का असर ग्रामीण इलाकों पर भी पड़ा है। मावठ से रबी की फसलों की पैदावार बढ़ने की उम्मीद मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बारिश किसानों के लिए लाभकारी मानी जा रही है। मावठ से रबी फसलों जैसे गेहूं, सरसों और चने की पैदावार को अच्छा लाभ मिलने की उम्मीद है। ओलावृष्टि तेज और ज्यादा समय तक हुई तो वह फसलों के लिए नुकसानदायक भी साबित हो सकती हैं। मौसम विभाग ने आने वाले समय में हाड़ौती के अलग-अलग इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। तापमान बढ़ने से सर्दी से भी राहत मिल रही है।


