कोटा जिले में चार नए नगर वन विकसित किए जाएंगे, जिनके लिए केंद्र सरकार से 8 करोड़ रुपए की स्वीकृति मिली है। इसके लिए पहली किश्त के 1.40 करोड़ रुपए जारी किए जा रहे हैं। अभेड़ा पार्क, अनंतपुरा, डाढ़ देवी और सांगोद क्षेत्र में 50-50 हेक्टेयर भूमि पर इन नगर वनों का विकास किया जाएगा। इस पहल से न केवल हरियाली बढ़ेगी, बल्कि शहरवासियों को स्वच्छ वातावरण और प्राकृतिक सैर-सपाटे के नए स्थल भी मिलेंगे। बंजर भूमि पर वृक्षारोपण के साथ पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने स्वीकृति जारी होने पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि इससे न केवल बंजर भूमि पर वृक्षारोपण हो सकेगा। बल्कि स्थानीय वन्य पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। नगर वनों में लोगों के घूमने के लिए ट्रेक बनाया जाएगा। आम जनता को वृक्षों के बारे में जानकारी के लिए साईनेज बनाए जाएंगे और जल संरचनाएं भी तैयार की जाएगी, जिससे पक्षी संरक्षण को भी प्रोत्साहन मिलेगा। कोटा में अभेड़ा बायोलॉजिकल पार्क, अनंतपुरा, डाढ़ देवी और कराई बीड (सांगोद) में नए नगर वन स्वीकृत किए गए हैं। इन चारों ही स्थानों पर 50-50 हैक्टैयर वन भूमि पर 2-2 करोड़ की लागत से वन विकसित किए जाएंगे। विधायक संदीप शर्मा ने राज्य के वन मंत्री संजय शर्मा का आभार जताया है। बता दें, कोटा शहर के आसपास स्थित पठारी वन भूमि को हरा भरा करने और वन्य पर्यटन के विकास के लिए विधायक संदीप शर्मा निरंतर प्रयासरत थे और वन मंत्री के निरंतर सम्पर्क में थे। पूर्व में राज्य सरकार ने केन्द्र को प्रदेश में 17 नए नगर वन विकसित करने हेतु प्रस्ताव पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय को भेजे थे। जिनमें से 12 को स्वीकृति प्रदान कर दी गई थी। लेकिन 5 लंबित थे। इसके बाद राज्य सरकार द्वारा 13 नए नगर वनों की अतिरिक्त मांग की गई। जिस पर सरकार ने 13 और 5 लंबित मिलाकर कुल 18 नगर वनों की स्वीकृति जारी की है।


