कोडरमा में जेएमएम की ताकत बढ़ी:शालिनी गुप्ता सहित सैकड़ों ने थामा दामन, सियासी सरगर्मी तेज

गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कोडरमा पहुंचे, जहां आयोजित सदस्यता ग्रहण समारोह में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी शालिनी गुप्ता सहित सैकड़ों लोगों ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) की सदस्यता ली। मुख्यमंत्री ने सभी नए सदस्यों को पार्टी का पट्टा पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और दिशोम गुरु शिबू सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। मुख्यमंत्री के आगमन पर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया। इस अवसर पर नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। सरकारी योजनाओं और विकास का गिनाया लेखा-जोखा समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ‘मैइया सम्मान योजना’ के जरिए राज्य की महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं और उन्हें सम्मान के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि झारखंड विकास की पटरी पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और अब विदेशी निवेशक भी राज्य में निवेश को लेकर रुचि दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जेएमएम के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ा है, इसी विश्वास के कारण बड़ी संख्या में लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। शालिनी गुप्ता की एंट्री से कोडरमा की राजनीति गरमाई शालिनी गुप्ता का राजनीतिक सफर कोडरमा में हमेशा चर्चा का विषय रहा है। पहले वह भाजपा से जुड़ी रहीं और 2019 के विधानसभा चुनाव में आजसू के टिकट पर चुनाव लड़ते हुए तीसरे स्थान पर रहीं। 2024 के चुनाव में उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में करीब 70 हजार वोट हासिल कर अपनी मजबूत राजनीतिक मौजूदगी दर्ज कराई। अब जेएमएम में शामिल होने के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में कोडरमा सीट पर अपनी दावेदारी मजबूत करेगी। ऐसे में यह देखना अहम होगा कि महागठबंधन में शामिल आरजेडी, जो पिछले तीन चुनावों से यहां हार झेल रही है, इस सीट को जेएमएम के लिए छोड़ती है या गठबंधन में दरार पड़कर अलग-अलग चुनावी रणनीति अपनाई जाती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *