कोडरमा जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र में एक दुखद सड़क दुर्घटना हुई। मसमोहना पंचायत के ग्राम बाराडीह में सरकारी मंडप के पास गिट्टी से भरे ट्रैक्टर ने एक साइकिल सवार को टक्कर मार दी। दुर्घटना में 42 वर्षीय सहदेव दास की मौके पर ही मौत हो गई। वे मसमोहना में मजदूरी करते थे। ट्रैक्टर मालिक से मुआवजे की मांग स्व. जगदीश दास के पुत्र सहदेव रोज की तरह मसमोहना चौक से साइकिल पर अपने घर बाराडीह लौट रहे थे। मृतक के छोटे भाई ने बताया कि सहदेव परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी तीन बेटियां और एक बेटा है। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उन्होंने ट्रैक्टर मालिक से मुआवजे की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही नवलशाही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया है।


