कोडरमा जिले में एक 20 वर्षीय युवती ने आत्महत्या कर ली। यह घटना तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत चित्रगुप्त नगर की है। जहां पाकुड़ की रहने वाली बिम्मी पहाड़िया (पिता- मागा पहाड़िया) अपने कुछ साथियों के साथ किराए के मकान में रहकर काम कर रही थी। वह झुमरीतिलैया में गेलवे नामक एक नेटवर्किंग कंपनी में कार्यरत थी, जहां ट्रेनिंग लेकर कंपनी के प्रोडक्ट बेचने का काम किया जाता है। दो महीने पहले ही वह इस कंपनी से जुड़ी थी। ट्रेनिंग लेने नहीं गई, कर ली सुसाइड मृतका के साथ रहने वाले रांगा पहाड़िया ने बताया कि रोज सुबह गांधी स्कूल रोड स्थित ऑफिस में प्रोडक्ट बेचने को लेकर ट्रेनिंग होती थी। सुबह जब उसकी साथी प्राची सिंह और अन्य ने ट्रेनिंग के लिए चलने को कहा, तो बिम्मी ने मना कर दिया। इसके बाद सभी लोग ट्रेनिंग के लिए निकल गए। जब वे वापस लौटे तो देखा कि बिम्मी का कमरा अंदर से बंद है, आवाज देने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। खिड़की से देखा तो हुआ खुलासा इसके बाद प्राची बाहर की गली से होकर खिड़की के रास्ते कमरे में घुसी तो देखा कि बिम्मी पंखे से लटकी हुई है। वह घबराकर दरवाजा खोलकर बाहर आई और सभी साथियों को जानकारी दी। सभी लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए कोडरमा सदर अस्पताल भेजा गया। परिजनों को दी गई सूचना पुलिस ने बताया कि मृतका के परिजनों और मकान मालिक को सूचना दे दी गई है। मकान की पहचान सुनील तिवारी के नाम पर हुई है। तिलैया थाना प्रभारी के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और आत्महत्या के पीछे की वजह जानने का प्रयास किया जा रहा है। शुरुआती तौर पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस कंपनी की गतिविधियों और युवती के व्यक्तिगत जीवन से जुड़ी जानकारी भी खंगाल रही है।


