कोडरमा में बढ़ रहे सर्पदंश के मामले:एक दिन में चार मामले सामने आए; एक की मौत, तीन का अस्पताल में इलाज जारी

कोडरमा जिले में सर्पदंश के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। बीते एक महीने में दर्जनों मामले सामने आए हैं, जिनमें कुछ लोगों की मौत भी हुई है। वहीं, मंगलवार को जिले में चार सर्पदंश के मामले दर्ज किए गए। इनमें से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। मरकच्चो थाना क्षेत्र के चोपनाडीह पंचायत के बेलाही गांव में 45 वर्षीय बिनोद यादव की सांप के काटने से मौत हो गई। मृतक के भतीजे रौशन कुमार के अनुसार, बिनोद मंगलवार सुबह खेत में धान के बिहन की रोपाई कर रहे थे। दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे एक जहरीले सांप ने उनके अंगूठे में डंस लिया। बिनोद राज मिस्त्री का काम करते थे बिनोद के चिल्लाने पर परिजन मौके पर पहुंचे और देखा कि एक करैत सांप वहां से भाग रहा था। परिजन तुरंत बिनोद को निजी वाहन से सदर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बिनोद राज मिस्त्री का काम करते थे और वर्तमान में खेती में लगे हुए थे। वे अपने पीछे पत्नी और तीन पुत्रियों को छोड़ गए हैं। मंगलवार को सर्पदंश के अन्य शिकार चंदवारा थाना क्षेत्र के 48 वर्षीय अशोक शर्मा, जयनगर थाना क्षेत्र के सरमाटांड़ की 17 वर्षीय सोनम कुमारी और कोडरमा थाना क्षेत्र के 55 वर्षीय सच्चिदानंद भारती हैं। ये तीनों अभी अस्पताल में इलाजरत हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *