कोडरमा में शादी की खुशी मातम में बदली:रात में भतीजे को तिलक में मिली बाइक, सुबह पुल की रेलिंग से हुई टक्कर; चाचा की मौत

कोडरमा में भतीजे के तिलक में मिली नई बाइक से हुए एक्सीडेंट में चाचा की मौत हो गई। घटना शनिवार को सतगावां थाना क्षेत्र के विशनीडीह गांव में हुई। हादसा बाइक के पुल की रेलिंग से टकराने की वजह से हुआ। मृतक की पहचान 35 वर्षीय संटू राम के रूप में की गई। संटू राम के घर में दो भतीजे के तिलक समारोह की खुशियां मनाई जा रही थीं, जो इस हादसे के बाद चीख-पुकार में बदल गईं। संटू राम बेंगलुरु में अपनी एक होटल संचालित करते थे। वह शादी समारोह में ही शामिल होने बेंगलुरु से अपने गांव आए थे। दोनों भतीजे की गांव में हुआ था तिलक
शुक्रवार की रात संटू राम के बड़े भाई के दो पुत्रों सुमित व शैलेश का गांव में ही तिलक समारोह था। सारे विधान खुशी-खुशी सम्पन्न हुए। सुमित को लड़की पक्ष की ओर से बुलेट बाइक जबकि शैलेश को अपाचे बाइक मिली। इधर, शनिवार की सुबह संटू तिलक समारोह को सम्पन्न कराने वाले पंडित व नाई को भतीजे सुमित की बुलेट से बासोडीह बाजार छोड़ने चले गए। बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई
संटू दोनों व्यक्ति को बासोडीह छोड़कर, जब वापस घर लौट रहे थे इसी क्रम में मरचोई सकरी नदी पर बने पुल के रेलिंग में उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि संटू गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। राहगीरों और परिजनों की मदद से संटू को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सतगावां थाना के एसआई श्रवण राम दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया है। बताते चलें कि संटू के भतीजे सुमित की शादी 9 मार्च को सम्पन्न होनी थी। सुमित का विवाह अंधरवारी (बिहार) में तय हुआ है। इसके दो दिन बाद 11 मार्च को दूसरे भतीजे शैलेश राजवंशी की शादी हिसुआ, नवादा (बिहार) में तय हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *