कोडरमा जिले के सतगावां प्रखंड स्थित राजावर गांव में मंगलवार को एक घर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। दिनेश यादव के मकान में बिजली के मुख्य तार में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से यह भीषण आग लगी। शुरुआत में एक छोटी चिंगारी से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, जिससे घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। आग की लपटें देखकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की तत्परता और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आस-पड़ोस के घरों में फैलने से रोका जा सका समय रहते आग बुझ जाने के कारण इसे आस-पड़ोस के घरों में फैलने से रोका जा सका, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। घटना की सूचना मिलते ही सतगावां थाना के एएसआई शरण टोपनो अपने सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। लाखों रुपए की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई इस आगजनी से गृहस्वामी दिनेश यादव को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित परिवार के अनुसार, इस घटना में लाखों रुपए की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। आग की चपेट में आने से घर में रखा लगभग सारा सामान पूरी तरह से खाक हो गया। नष्ट हुए सामान में पांच क्विंटल चावल, गेहूं, भारी मात्रा में दलहन, तीन हजार नेवारी (पुआल), खाना पकाने के लिए रखी दर्जनों बोझा लकड़ी, कुर्सी, टेबल, रजाई, कपड़े और अन्य घरेलू उपयोगी वस्तुएं शामिल हैं। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है।


