कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। कोडरमा-जयनगर मेन रोड पर पथलडीहा गांव के शिवम होटल के पास एक मालवाहक वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 24 वर्षीय गणेश राम गंभीर रूप से घायल हो गया। गणेश मरकच्चो थाना क्षेत्र के बासोडीह के रहने वाले हैं। वह सोमवार को कोडरमा में एक शादी समारोह में शामिल होने आया था। पथलडीहा के पास हुआ हादसा मंगलवार सुबह वह बाइक से अपने घर बासोडीह लौट रहे थे। इसी दौरान पथलडीहा के पास मालवाहक वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने ऑटो की मदद से घायल को सदर अस्पताल कोडरमा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गणेश की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स रेफर कर दिया है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति अभी नाजुक बनी हुई है।


