कोडरमा जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। जयनगर थाना क्षेत्र के पिसपीरो गांव में एक हाथी ने 55 वर्षीय रविन्द्र यादव को कुचलकर मार डाला। रविन्द्र सुबह शौच के लिए निकले थे। घटना धनबाद-गया रेलखंड के यदुडीह हाल्ट के पास हुई। रेलवे लाइन के किनारे हाथी ने रविन्द्र को घेर लिया। हाथी ने उन्हें सूंड से पटका और पैरों तले कुचल दिया। आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और हाथी को भगाया। लेकिन तब तक रविन्द्र की मौत हो चुकी थी। 2 महीने में चार लोगों की ली जान पिछले छह महीने से हाथियों के झुंड ने क्षेत्र में फसलों को नुकसान पहुंचाया है। दो महीने में यह चौथी मौत है। एक दिन पहले ही जयनगर और मरकच्चो थाना क्षेत्र में हाथियों का झुंड देखा गया था। वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी रविन्द्र कुमार ने मृतक के परिजनों को तत्काल 25 हजार रुपए की सहायता राशि दी है। वन अधिनियम के तहत कुल 4 लाख रुपए के मुआवजे का प्रावधान है। शेष राशि प्रक्रिया पूरी होने के बाद दी जाएगी। ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति आक्रोश है और वे मुआवजे की मांग को लेकर शव के साथ गांव में डटे रहे।