डूंगरपुर | पेन इंडिया अभियान व विश्व सामाजिक न्याय दिवस पर कोतवाली थाना क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो बाल श्रमिकों को मुक्त कराया गया। यह अभियान कोतवाली पुलिस, सृष्टि सेवा समिति व चाइल्ड लाईन के संयुक्त तत्वाधान में चलाया। कार्रवाई में टीम ने थाना कोतवाली क्षेत्र के विभिन्न होटल, ढाबों और दुकानों पर निरीक्षण किया। जांच में दो नाबालिग बच्चों को श्रम करते पाया। इन्हें मौके पर ही मुक्त करवाया गया। संबंधित नियोक्ताओं और परिजनों को बाल श्रम नहीं करवाने के संबंध में नोटिस जारी कर पाबंद किया। साथ ही भविष्य में नियमों के उल्लंघन पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी। अभियान में सृष्टि सेवा समिति के जिला समन्वयक सुरेंद्र ढोली, चाइल्ड हेल्प लाइन के केस वर्कर महेंद्र कलाल तथा कोतवाली थाना से हेड कांस्टेबल नारायण लाल मय जाप्ता उपस्थित रहे। टीम ने व्यापारियों को बाल श्रम निषेध कानूनों की जानकारी देते हुए बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का संदेश दिया।


