बिलासपुर | सरकंडा-कोनी मार्ग पर रात में युवक-युवतियों द्वारा सड़क पर केक काटने का वीडियो सामने आया है। साथ खड़े अन्य लोग आतिशबाजी भी करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। युवक सड़क पर खड़े होकर पटाखे जला रहे हैं और जश्न मना रहे हैं। हाल ही में इसी सड़क पर युवाओं के साथ मारपीट और लूटपाट की घटना भी हो चुकी है। स्थानीय लोगों के अनुसार रात में सड़क पर असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर संबंधित युवक-युवतियों के खिलाफ कार्रवाई करने और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। ऐसे मामलों में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है, इसके बावजूद लोग बाज नहीं आ रहे हैं। वीडियो हाल का बताया जा रहा है।


