झारखंड के पाकुड़ में कोयला चोरी के विरुद्ध चल रहे विशेष अभियान में एक व्यक्ति के घायल होने से विवाद खड़ा हो गया। हिरणपुर थाना क्षेत्र के बगशिसा गांव के निवासी दिलीप साहा की गिरफ्तारी को लेकर ग्रामीणों और पुलिस के बीच विवाद हुआ। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने 39 वर्षीय दिलीप साहा को साइकिल से कोयला ले जाते समय पकड़ा और उसके दोनों हाथों को डंडे से तोड़ दिया। इसके विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं शहरग्राम-हिरणपुर मार्ग पर उतर आए। उन्होंने सड़क जाम कर नारेबाजी की, जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। खेत में गिरने से घायल हो गया: थाना प्रभारी थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह का कहना है कि रात्रि में कोयला चोरी रोकने के लिए विशेष अभियान चल रहा था। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा और खेत में गिरने से घायल हो गया। सूचना मिलते ही एसआई गोपाल महतो और एएसआई दिलीप कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत की और घायल को सोनाजोड़ी सदर अस्पताल भेजा। पुलिस ने घायल को सहायता राशि भी दी, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया।


