कोरबा | कोरबा जिले के पांचों ब्लाकों से चयनित 20 छात्रों को शैक्षणिक भ्रमण पर ले जाया गया, जहां उन्हें विज्ञान, गणित, नवाचार और भारतीय संस्कृति से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। जिला नोडल अधिकारी डॉ. फरहाना अली के नेतृत्व में छात्रों ने भुवनेश्वर के क्षेत्रीय विज्ञान केन्द्र का दौरा किया। यहां उन्होंने जटिल वैज्ञानिक अवधारणाओं को समझने के लिए प्रयोगात्मक प्रदर्शन और मॉडल्स का अवलोकन किया। इसके बाद, छात्रों ने क्षेत्रीय प्राकृतिक इतिहास संग्रहालय का भ्रमण किया, जहां उन्हें ओडिशा राज्य और अन्य क्षेत्रों की जैव विविधता, बालीन व्हेल के कंकाल और विशाल मगरमच्छ के कंकाल को देखने का अवसर मिला। पथानी सामंता प्लैनेटेरियम में आयोजित सत्र ने छात्रों को अंतरिक्ष विज्ञान से परिचित कराया और ब्रह्मांड, ग्रहों और तारों के जीवन चक्र के बारे में जानकारी दी। पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर और कोणार्क सूर्य मंदिर के भ्रमण ने छात्रों को भारतीय संस्कृति, स्थापत्य कला और इतिहास से अवगत कराया। इन गतिविधियों ने छात्रों में ज्ञान की प्यास और भारतीय धरोहर के प्रति गर्व जागृत किया।


