कोरबा पुलिस ने सोमवार को अवैध शराब के खिलाफ एक सघन अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों ने यह कार्रवाई की। इस दौरान आबकारी अधिनियम के तहत कुल 44 प्रकरण दर्ज किए गए और 43 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। अभियान के तहत कुल 653.3 लीटर देशी महुआ शराब जब्त की गई। पुलिस ने अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और विक्रय के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई करने की बात कही है और बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। बालको थाना पुलिस ने शत्रुघ्न चौहान (बालको चेक पोस्ट निवासी) को 90 पाव देशी शराब के साथ पकड़ा। शत्रुघ्न सारथी (चुईया निवासी) से 15 लीटर और कंचन यादव (संगम नगर निवासी) से 3 लीटर शराब जब्त की गई। सिविल लाइन थाना पुलिस ने शंकर नगर खरमोरा निवासी 21 वर्षीय गोपी सिंह पावले (पिता संजय पावले) को 30 लीटर महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार, आरोपी शत्रुघ्न चौहान बालको से लगे जंगल में शराब छिपाकर रखता था और शराब दुकानों के खुलने से पहले तथा बंद होने के बाद अधिक दामों पर बेचता था। इस कार्रवाई में मानिकपुर, उरगा, बालको, सिविल लाइन, हरदी बाजार और दीपका थाना पुलिस ने भी अवैध शराब तस्करों पर शिकंजा कसा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर ने बताया कि अवैध शराब बिक्री पर पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दें।


