कोरबा में गौठान के पास मिला बुजुर्ग का शव:करंट से मौत की आशंका, चेहरे पर जलने के निशान मिले

कोरबा जिले के करतला थाना क्षेत्र के ग्राम बांधापाली में बुधवार सुबह करीब 4 बजे गौठान के पास एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बांधापाली निवासी बहादुर सिंह अगरिया (50) के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि शव के चेहरे पर जलने के निशान थे और एक पैर टूटा हुआ प्रतीत हो रहा था, जिससे घटना संदिग्ध लग रही थी। सूचना मिलते ही करतला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में फॉरेंसिक टीम ने आशंका जताई है कि बहादुर सिंह की मौत करंट लगने से हुई हो सकती है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। काम पर निकले ग्रामीणों देखी लाश ग्रामीणों के अनुसार, तड़के सुबह जब वे खेतों और आसपास के इलाकों में काम के लिए निकल रहे थे, तब उनकी नजर शव पर पड़ी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद मृतक के परिजनों और पुलिस को घटना की सूचना दी गई। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं। परिजनों ने जानकारी दी है कि गांव से लगे गौठान के पास मृतक की बाड़ी है, जिसकी देखरेख के लिए वह अक्सर जाया करता था। आशंका है कि मंगलवार देर रात या बुधवार तड़के सुबह वह बाड़ी जा रहा होगा और इसी दौरान करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। खेती-किसानी करता था मृतक पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि गौठान के पास विद्युत तार कब, किसने और किन परिस्थितियों में बिछाया था। यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या यह तार अवैध रूप से बिछाया गया था। मृतक बहादुर सिंह अगरिया खेती-किसानी का काम करता था। उसके परिवार में पत्नी और बच्चे सहित अन्य सदस्य हैं। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और यह जानने के लिए गहन जांच में जुट गई है कि आखिर बहादुर सिंह की मौत कब, कैसे और किन परिस्थितियों में हुई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *