कोरबा में दो अलग-अलग हादसे में 2 की मौत:एसईसीएल कर्मी ने मालगाड़ी से जान दी, टायर फटने से ट्रक मालिक की मौत

कोरबा जिले के दीपका थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। पहली घटना में शक्तिनगर रेलवे कॉलोनी मोड़ के पास एक एसईसीएल कर्मी ने चलती मालगाड़ी के नीचे कूदकर आत्महत्या कर ली। दूसरी घटना में गेवरा हेलीपैड के पास एक ट्रक में हवा भरते समय टायर फटने से मालिक की जान चली गई। मृतक की पहचान दीपका निवासी एसईसीएल कर्मी जितेंद्र तिवारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक काफी समय से रेलवे ट्रैक के आसपास घूम रहा था। कोयला लेकर आ रही मालगाड़ी के पास आने पर उसने उसके पहिए के नीचे सिर रखकर अपनी जान दे दी। यह घटना एनटीपीसी रेलवे ट्रैक पर हुई, जिसका उपयोग कोयला परिवहन के लिए किया जाता है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मृतक जितेंद्र पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे, जिससे वे परेशान रहते थे। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। शव को आगे की कार्रवाई के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने घटनाक्रम की जानकारी देते हुए मृतक की पहचान की पुष्टि की। मालिक और चालक दोनों था मृतक दूसरी घटना भी दीपका थाना इलाके की है। गेवरा हेलीपैड के पास सोनू टायर की दुकान पर एक ट्रक में हवा भरते समय टायर फटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय राजेंद्र यादव के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश के अनूपपुर थाना चचाई के ग्राम बहराटोला का निवासी था। राजेंद्र यादव अपने ट्रक का मालिक और चालक दोनों था। गुरुवार देर शाम वह ट्रक लेकर दीपका खदान से कोयला लोड करने आया था। खदान से कोयला लोड करने से पहले वह अपनी गाड़ी के टायर में हवा डलवा रहा था। इसी दौरान अचानक टायर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल राजेंद्र यादव को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में भी जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *