कोरबा में मजदूर की संदिग्ध मौत,टंकी से गिरने की आशंका:रात में निर्माणाधीन टंकी पर सो रहा था, सुबह मिला शव,बेटे संग करता था काम

कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के सिंधिया गांव में एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय महेश्वर शर्मा के रूप में हुई है, जो बिहार के सहारनपुर जिले के वासुदेव गांव का निवासी था। वह सिंधिया गांव में बन रही पानी टंकी के निर्माण में मजदूर के रूप में काम कर रहा था। जानकारी के अनुसार, महेश्वर मंगलवार रात को निर्माणाधीन पानी टंकी के ऊपर सो रहा था। बुधवार सुबह उसका शव टंकी के नीचे पड़ा मिला। आशंका जताई जा रही है कि वह रात में टंकी से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गर्मी और मच्छरों से बचने के लिए टंकी के ऊपर सो रहा था मजदूर पुलिस जांच में सामने आया है कि महेश्वर पिछले कुछ दिनों से गर्मी और मच्छरों से राहत के लिए टंकी के ऊपर सो रहा था। बुधवार रात भी वह खाना खाने के बाद ऊपर सोने गया था, लेकिन सुबह उसका शव नीचे मिला। ग्रामीणों ने उसे सबसे पहले देखा और पुलिस को सूचना दी। मृतक महेश्वर अपने बेटे के साथ इस निर्माण कार्य में लगा हुआ था। दोनों पास ही एक स्टोर रूम में रहते थे। हादसे के बाद बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है। जल संकट से निजात पाने बनाई जा रही थी पानी टंकी यह पानी टंकी गांव में जल संकट दूर करने के उद्देश्य से बनाई जा रही है। पिछले कुछ महीनों से निर्माण कार्य चल रहा है, जिसमें ठेकेदार द्वारा बाहर से मजदूर बुलाए गए हैं। कई मजदूर अब भी कार्यस्थल पर मौजूद हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है और महेश्वर के साथ काम कर रहे अन्य मजदूरों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि हादसे की सही वजह सामने आ सके। मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। फिलहाल पुलिस ने इसे संदिग्ध मृत्यु का मामला मानते हुए जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *