कोरबा में मुख्यमंत्री की सभा:कहा- हसदेव नदी पर लो हाइट ब्रिज, सर्किट हाउस बनेगा, निगम को विकास के लिए दिए जाएंगे 23 करोड़ रुपए

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सीएसईबी पूर्व फुटबॉल मैदान में गुरुवार को 625 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन किया। उन्होंने उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन की मांग पर सर्वमंगला तिराहे के पास हसदेव नदी में लो हाइट ब्रिज और एप्रोच रोड बनाने की घोषणा की। इसके साथ ही सर्किट हाउस, झगरहा मिडिल स्कूल का उन्नयन की मांग भी पूरी की। नगर निगम के वार्डों के विकास के लिए 23 करोड़ रुपए की मंजूरी दी। कार्यक्रम में डिप्टी सीएम अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, महिला व बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर राजकिशोर प्रसाद, जिला पंचायत अध्यक्ष शिव कला कंवर भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री साय ने आम सभा को संबोधित कर कहा कि डीएमएफ में कोरबा जिले को बड़ी राशि प्राप्त होती है। कोरबा कोयले का भंडार वाला क्षेत्र है। इस राशि से शिक्षा, स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के साथ अधोसंरचना विकास कार्यों में राशि खर्च हो रही है, यह प्रशंसनीय है। पहले डीएफ में गड़बड़ी होती थी। अब गड़बड़ी करने वाले जेल में हैं। सरकार डिजिटल पारदर्शिता व्यवस्था की दिशा में काम कर रही है। इस व्यवस्था में भ्रष्टाचार के लिए कोई जगह नहीं बचेगी। उन्होंने कहा कि 13 दिसंबर को हमारी सरकार के कार्यकाल को 1 वर्ष पूरे हो जाएंगे। इस मौके पर हम जनादेश परब के रूप में मना रहे हैं। मोदी की गारंटी पर काम करते हुए शपथ लेने के दूसरे दिन ही मंत्रिमंडल ने 18 लाख पीएम आवास, प्रति एकड़ 21 क्विंटल 3100 रुपए में धान खरीदी, 15 लाख किसानों को बकाया धान का बोनस 3716 करोड़ का भुगतान किया गया। सरकार बनते ही पीएससी घोटाले की सीबीआई जांच जारी है। जो भी दोषी होंगे, उन्हें बक्सा नहीं जाएगा। हमने प्रदेश में सुशासन देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि डीएमएफ से मेधावी छात्रों को प्रशिक्षण देने बाहर भेजना, मिडिल स्कूल तक के बच्चों को नाश्ता, डॉक्टर और शिक्षकों की भर्ती का कार्य प्रशंसनीय है। चुनावी आगाज: पदाधिकारी ही नहीं सबको मिला महत्व
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय में कार्यक्रम के बहाने सबको साधने का प्रयास किया। यही नहीं, पदाधिकारियों को मंच में जहां जगह मिली, वहीं स्वागत करने लंबी कतार लगी रही। मंच पर नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, पार्षद नरेंद्र देवांगन, भुवनेश्वर तिवारी भी नजर आए। पार्टी के प्रदेश और जिला पदाधिकारियों से मुख्यमंत्री खुलकर मिले। उद्योग मंत्री देवांगन की तारीफ भी की। बड़े मांगों को बजट में शामिल करने का भी आश्वासन दिया। पहाड़ी कोरवाओं को आवास की चाबी, किसानों को मिला ट्रैक्टर
मुख्यमंत्री ने जनमन योजना के तहत अजगर बहार की दुखी बाई, बिरहोर और सुमती बाई कोरवा को आवास की चाबी दी। दिव्यांगों को ट्राई साइकिल, उन्नत कृषि के लिए तीन किसानों को ट्रैक्टर की चाबी सौंपी। मछुआरों को जाल और आईस बॉक्स भी दिए गए। पिछड़ी जनजातियों को वन अधिकार पत्र, आजीविका मिशन के तहत 5 स्व- सहायता समूहों को 30-30 लाख रुपए का चेक, श्रमिक पंजीयन कार्ड, 70 साल से अधिक के बुजुर्गों को आयुष्मान कार्ड का वितरण भी किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *