कोरबा में शांति समिति की बैठक, हुल्लड़बाजों पर होगी कार्रवाई:होली, ईद, गुड फ्राइडे शांति से मनाने की अपील; शराब पीकर उपद्रव पर सख्ती

कोरबा में कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में हुई इस बैठक में सभी समुदायों से होली, ईद और गुड फ्राइडे जैसे पर्वों को आपसी मेल-मिलाप, सद्भाव और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई। जिला प्रशासन ने त्योहारों के दौरान आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। बैठक में त्योहारों को सुरक्षित तरीके से मनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव और निर्देश दिए गए। होली के दौरान रासायनिक रंगों और मुखौटों की बिक्री तथा उपयोग पर रोक लगाने का आग्रह किया गया। साथ ही, लोगों को हर्बल रंगों के प्रयोग के लिए प्रेरित करने को कहा गया। होली भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाने की अपील समिति ने यह भी अनुरोध किया कि कोई भी व्यक्ति किसी अन्य पर अनावश्यक रूप से रंग न लगाए, ताकि सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहे। शांति समिति के सदस्यों ने होली को मिल-जुलकर, भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया। होलिका दहन के लिए भी निर्देश जारी किए गए। इलेक्ट्रिक तारों के नीचे, ट्रांसफार्मर के पास और तंग गलियों जैसे जोखिमपूर्ण स्थानों पर होलिका दहन न करने की हिदायत दी गई। इसका उद्देश्य किसी भी आकस्मिक स्थिति में फायर ब्रिगेड वाहन की पहुँच सुनिश्चित करना है। होली के दिन शहर के मुख्य मार्गों पर सड़क किनारे दुकानें न लगाने का भी अनुरोध किया गया, ताकि अनावश्यक जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। आपातकालीन सेवाओं को सतर्क रहने के निर्देश पुलिस विभाग को लगातार पेट्रोलिंग करने, दमकल और एम्बुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं को पूरी तरह सतर्क एवं तैयार रखने के निर्देश दिए गए। भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने को भी कहा गया। होली के अवसर पर तालाबों और नदियों में नशे की हालत में गहराई वाले स्थानों में नहीं उतरने की सलाह दी गई। स्नान स्थलों पर गोताखोरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बैठक में बताया कि होली के दौरान शराब पीकर उपद्रव करने, हुल्लड़बाजी करने, जबरदस्ती रंग लगाने, मुखौटा पहनकर हुटिंग करने, ओवरस्पीडिंग और ट्रिपल राइडिंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *