कोरबा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक 16 वर्षीय छात्रा ने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतिका की पहचान सांची कंवर के रूप में हुई है, जो सेंट जेवियर स्कूल में 11वीं कक्षा की छात्रा थी। पुलिस ने घटनास्थल से एक सुसाइड नोट बरामद किया है। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में पुलिस को छात्रा के कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है। हालांकि, सुसाइड नोट में क्या लिखा है, इसका खुलासा अभी तक नहीं किया गया है। पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है। देखिए तस्वीरें मामा के घर पुलिस लाइन में रहती थी छात्रा बताया जा रहा है कि सांची कंवर मोगरा थाना में पदस्थ आरक्षक रजपाल सिंह कंवर की भांजी थी। वह अपनी मां के साथ मामा के घर पुलिस लाइन इलाके में रहती थी। मृतिका मूल रूप से अमरपुर कटघोरा की निवासी थी। घटना के बाद परिवार सदमे में है। पुलिस ने मृतिका के पास से उसका मोबाइल फोन भी बरामद किया है। बताया गया है कि जब छात्रा ने आत्महत्या की, उस समय उसके कान में हेडफोन लगा हुआ था। पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने आगे की कार्रवाई करते हुए परिजनों के बयान दर्ज किए हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है।


