कोरबा में 600 महिलाओं को सम्मानित किया गया:अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर अदाणी फाउंडेशन ने पताड़ी में किया आयोजन

कोरबा जिले के बरपाली तहसील में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शनिवार को एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। अदाणी फाउंडेशन ने कोरबा पॉवर लिमिटेड के पास ग्राम पताड़ी में यह कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें आसपास की 14 ग्राम पंचायतों से लगभग 600 महिलाओं को सम्मानित किया गया। इस समारोह में ग्राम पताड़ी, पहन्दा, खोड्डल, सरगबूंदिया, कुदूरमल, ढ़नढ़नी, कटबितला और देवरमल सहित अन्य ग्रामों की 100 मितानिनों तथा 500 स्व-सहायता समूह की सदस्यों को उनके सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य क्षेत्र की महिलाओं को प्रोत्साहित करना और समाज में उनकी भूमिका को सम्मान देना था। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य सुष्मिता अनंत, जनपद सदस्य (सरगबूंदिया) रीना सिदार और जिला समन्वयक (मितानिन) वंदना गुप्ता मंचस्थ अतिथि के रूप में उपस्थित थीं। इनके अतिरिक्त, सरपंच, अन्य प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे। कोरबा पॉवर लिमिटेड से डॉ. विकास ठाकुर और अरुण प्रसाद सहित अदाणी फाउंडेशन के अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित थे। समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। जिला पंचायत सदस्य बोलीं- महिलाएं देश के हर क्षेत्र में आगे सभा को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सदस्य सुष्मिता अनंत ने कहा कि आज महिलाएं देश के हर क्षेत्र में उच्च पदों पर कार्यरत हैं। उन्होंने भारत की महिला राष्ट्रपति का उदाहरण देते हुए कहा कि यह देश की प्रगति में महिलाओं की बढ़ती भूमिका का प्रतीक है। उन्होंने समाज के विकास में महिलाओं के योगदान को गौरव का विषय बताया। जनपद सदस्य रीना सिदार ने अपने संबोधन में कहा कि अदाणी समूह द्वारा आयोजित यह सम्मान समारोह महिलाओं को आगे बढ़ने और उनका आत्मविश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाएं अब ट्रेन से लेकर विमान तक संचालित कर रही हैं और समाज के प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। जिला समन्वयक (मितानिन) वंदना गुप्ता ने बताया कि मितानिनों ने कोरोना काल जैसे कठिन समय में मरीजों को स्वास्थ्य लाभ दिलाने में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने प्रसूति सेवाओं सहित ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था में मितानिनों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया और कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में देश को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *