बूंदी के आसान स्थित महादेव ग्राम कोरमा में भजन संध्या के साथ मेले का समापन हो गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नैनवां प्रधान पदम नागर रहे, जिन्होंने क्षेत्र में विकास कार्यों पर जोर दिया। प्रधान नागर ने इस अवसर पर कहा कि जनप्रतिनिधियों को जनता की सेवा के लिए चुना जाता है। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि वे नैनवां में ही रहते हैं और हर संभव मदद के लिए हमेशा उपलब्ध रहेंगे।
विशिष्ट अतिथि पूर्व पंचायत समिति सदस्य मुकेश नागर ने कहा कि प्रधान ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर क्षेत्र में विकास कार्य करवाए हैं। खानपुरा पंचायत के पूर्व सरपंच रामसिंह राजावत ने प्रधान नागर को पूर्व विधायक प्रभु लाल करसोल्या का प्रतिनिधि बताया और उनसे जिला परिषद सदस्य व पंचायत समिति सदस्य का चुनाव लड़ने के लिए आशीर्वाद मांगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच पति आसाराम नागर ने की। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत ने गांव के विकास के लिए लगभग 70 लाख रुपए के कार्य करवाए हैं। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि राज्य सरकार से बजट मिलने पर और विकास कार्य प्राथमिकता से करवाए जाएंगे।
इस अवसर पर भाजपा मंडल उपाध्यक्ष रामलक्ष्मण गुर्जर, सोजी लाल नागर, लोकेश कुमार नागर, मनीष मीणा, रमेश कुमार नागर, मांगीलाल नागर, रामवतार नागर, अंकित नागर, पप्पू गुर्जर, दिलखुश सिंह, धर्मराज गुर्जर और आसाराम गुर्जर सहित कोरमा गांव के समस्त ग्रामीण मौजूद रहे।


