कोरिया की दीदीयों ने बनाया देसी स्टाइल अचार:स्व-सहायता समूह की 12 महिलाओं ने शुरू किया काम; 6 प्रोडक्ट बाजार में उतारे

कोरिया जिले में स्व सहायता समूह की महिलाओं ने देसी स्टाइल में केमिकल फ्री अचार का निर्माण शुरू कर दिया है। कलेक्टर चंदन त्रिपाठी ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में इसका औपचारिक शुभारंभ किया। जिला पंचायत सीईओ डॉ आशुतोष चतुर्वेदी के अनुसार, यह कार्य बैकुण्ठपुर जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत छिंदिया और सोनहत जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत घुघरा में चल रहा है। छिंदिया की जागृति महिला समूह की 12 सदस्यों ने ‘कोरिया पिकल’ ब्रांड के तहत अचार बनाना शुरू किया है। समूह की महिलाओं ने बताया कि वे पूरी तरह देसी मसालों और तेल का इस्तेमाल कर रही हैं। उत्पाद में किसी तरह का केमिकल या रसायन नहीं मिलाया जाता है। पहले चरण में आम, इमली, कटहल, मिर्च-अदरक के 6 प्रोडक्ट बाजार में उतारे गए हैं। जागृति महिला स्व सहायता समूह की सदस्य नीलम के मुताबिक, अब तक 10 क्विंटल कोरिया पिकल तैयार किया जा चुका है। यह उत्पाद मिलेट्स कैफे में न्यूनतम कीमत पर उपलब्ध है। एक सप्ताह में यह मुख्यालय की सभी प्रमुख दुकानों में भी मिलने लगेगा। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को आगे बढ़ाने का प्रयास है। जिला प्रशासन महिलाओं को देसी उत्पाद बनाने के लिए आवश्यक मदद और संसाधन देकर उन्हें लखपति दीदी बनाने की दिशा में काम कर रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *