कोरिया में सुशासन तिहार को मिला जबरदस्त रिस्पांस:62 हजार आवेदन मिले, एक सप्ताह में ऑनलाइन एंट्री के निर्देश

कोरिया जिले में सुशासन तिहार के पहले चरण को जनता से भारी समर्थन मिला है। 8 से 11 अप्रैल तक चले इस कार्यक्रम में करीब 62 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने बताया कि बैकुण्ठपुर जनपद पंचायत से सबसे ज्यादा 49 हजार आवेदन मिले हैं। सोनहत से 10,300 और नगर पालिका बैकुण्ठपुर, शिवपुर-चरचा व नगर पंचायत पटना से करीब 2,100 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसके अलावा 3,300 आवेदन ऑनलाइन माध्यम से मिले हैं। डॉ. चतुर्वेदी ने सभी विभागीय अधिकारियों को आवेदनों की ऑनलाइन एंट्री एक सप्ताह में पूरी करने के निर्देश दिए हैं। कम्प्यूटर ऑपरेटरों के माध्यम से विभागवार एंट्री कराई जाएगी। अधिकारियों को इस कार्य की सतत निगरानी का भी निर्देश दिया गया है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कहा कि आवेदनों की एंट्री के साथ-साथ उनका त्वरित निराकरण भी जरूरी है। आवेदकों को कार्रवाई की जानकारी भी दी जाएगी। जिन आवेदनों का निराकरण जिला स्तर पर संभव नहीं है, उनकी जानकारी शासन और संचालनालय को दी जाएगी। अपूर्ण आवेदनों के लिए संबंधित आवेदकों से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेज मंगवाए जाएंगे। डॉ. चतुर्वेदी ने सुशासन तिहार को राज्य शासन की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल बताते हुए सभी अधिकारियों से गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ काम करने को कहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *