रांची | न्यायिक दंडाधिकारी अभिषेक श्रीवास्तव की अदालत ने बीआईटी मेसरा के टीओपी प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस का जवाब दो दिनों के अंदर देने को कहा गया है। अदालत की यह कार्रवाई बीआईटी मेसरा टीओपी क्षेत्र में मिली अज्ञात लाश मामले में की गई है। इस मामले में कोर्ट ने पूछताछ के लिए मॉडल स्कूल कांके की शाखा बीआईटी स्कूल की कर्मचारी जयमाला देवी को बीते शनिवार को बुलाया था। लेकिन पुलिस छह दिन बाद भी उसे अपने पास रखे हुए है। परिजनों को भी उससे मिलने नहीं दिया जा रहा है। इसको लेकर अधिवक्ता अनिल कुमार सिंह महाराणा ने बीते सोमवार को स्कूल कर्मचारी जयमाला देवी की ओर से कोर्ट में याचिका दाखिल की है। दाखिल याचिका पर कोर्ट ने रिपोर्ट तलब की। लेकिन चार दिन बाद भी जब रिपोर्ट कोर्ट में जमा नहीं की गई, तो प्रभारी को शोकॉज किया गया। जयमाला देवी की बड़ी बहन निर्मला देवी जब उससे मिलने गईं तो नहीं मिलने दिया। इस पर निर्मला देवी ने एसपी रांची से सुरक्षा की गुहार लगाई है।


