झुंझुनूं में सर्दी के तेवर लगातार तीखे होते जा रहे हैं। गुरुवार को झुंझुनूं जिले में कड़ाके की सर्दी और कोहरा छाया हुआ है। जिले में शीतलहर के चलते जनजीवन पूरी तरह प्रभावित रहा। मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए अलर्ट जारी करते हुए जिलेवासियों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। गुरुवार सुबह पूरा जिला घने कोहरे की सफेद चादर में लिपटा नजर आया। सुबह करीब 9 बजे के बाद धीरे-धीरे कोहरा छंटना शुरू हुआ, जिससे यातायात सामान्य हो सका। हालांकि कोहरा हटने के बाद बर्फीली हवाओं ने ठिठुरन और बढ़ा दी। तापमान में भारी गिरावट: 4.1 डिग्री पर पहुंचा न्यूनतम पारा बीती रात तापमान में आई अचानक गिरावट ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बुधवार के मुकाबले गुरुवार को न्यूनतम तापमान में 1.7 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। बुधवार को अधिकतम 22.9°C और न्यूनतम 5.8°C रहा। गुरुवार को 22.0°C न्यूनतम 4.1°C दर्ज किया गया। रात के समय सर्द हवाओं के चलने से पारा गोता खाकर 4.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा सर्दी से बचने के लिए लोग सुबह और देर शाम अलाव तापते नजर आए। ग्रामीण क्षेत्रों में ठंड का असर शहर के मुकाबले कहीं अधिक देखा गया। मौसम विभाग की चेतावनी: जारी रहेगा शीतलहर का दौर मौसम केंद्र के अनुसार, उत्तरी हवाओं के सक्रिय होने से तापमान में अभी और गिरावट आ सकती है। शुक्रवार को भी जिले के कई हिस्सों में शीतलहर चलने की संभावना है। विभाग ने किसानों को फसलों के बचाव और आमजन को ठंड से बचने के लिए पर्याप्त उपाय करने की सलाह दी है।


