कोहरे की वजह से जहां एक ओर आम जनजीवन प्रभावित है, वहीं इसकी वजह से रेल यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कोहरे के कारण कोडरमा से दिल्ली, मुम्बई, कोलकाता जैसे महानगरों की ओर जाने वाली अप व डाउन की लगभग आधे दर्जन ट्रेनें 8 से 10 घंटे तक देर से चल रही है। कोडरमा रेलवे स्टेशन हावड़ा-दिल्ली मुख्य रेलवे लाइन से जुड़ी हुई हैं और इसका बिहार से सटे होने के कारण नवादा, रजौली, फतेहपुर व झारखंड के हजारीबाग, रामगढ़, बरही, चौपारण जैसे जगहों से लोग यहां भारी संख्या में ट्रेन पकड़ने आते हैं। ऐसे में ट्रेन के विलंब होने के कारण इन यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई छात्रों की क्लास भी छूट गई कई यात्री सुबह 5 बजे से ही कोडरमा स्टेशन आ गए हैं। लेकिन यहां आने पर उन्हें मालूम हुआ कि उनकी ट्रेन 5-6 घंटे देर से आएगी, जिससे वे काफी निराश हुए। कई यात्रियों ने बताया कि उनका घर कोडरमा से दूर होने के कारण वे समय से 1 घंटे पूर्व ही स्टेशन पहुंच गए। अब ट्रेन के इतने लेट होने से और इतनी ज्यादा ठंड के कारण उन्हें काफी दिक्कत हो रही है। वहीं, कई छत्र भी ट्रेन लेट होने की वजह से परेशान दिखे। छात्रों ने बताया कि उन्हें रांची जाना है और कॉलेज अटेंड करना था, पर ट्रेन लेट होने के कारण उनकी आज की पढ़ाई छूट गई। ये ट्रेन हैं लेट कोडरमा रेलवे स्टेशन के पूछताछ संचालक ने बताया कि वैसे तो कोहरे की वजह से कई ट्रेनें लेट हैं, पर जो मुख्य ट्रेनें लेट हैं, उनमें 12365 पटना-रांची जन सताब्दी एक्सप्रेस (5 घंटे विलंब), 22812 नई दिल्ली-भुनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस (10 घंटे विलंब), 12382 नई दिल्ली-हावड़ा पूर्वा एक्सप्रेस (1 घंटे विलंब), 13152 जम्मूतवी-कोलकाता एक्सप्रेस (8 घंटे विलंब), 12321 हावड़ा- मुम्बई एक्सप्रेस (4 घंटे विलंब) शामिल हैं।


