जैसलमेर में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से सर्दी रोजाना नए रिकॉर्ड बना रही है। पिछले दिनों प्रदेश में सबसे ठंडा शहर जैसलमेर रहा था। अब सोमवार रात का पारा इस सीजन में पहली बार 4.7 डिग्री पर पहुंचा है। प्रदेश में ठंडी रात के मामले में जैसलमेर दूसरे नंबर पर रहा। जैसलमेर से कम न्यूनतम तापमान सिरोही का 4.1 डिग्री दर्ज हुआ। हालांकि बुधवार सुबह मौसम साफ रहा। लंबे समय बाद घने कोहरे से निजात मिली। हालांकि सर्द हवाओं ने लोगों को परेशान किया। बुधवार को सुबह अधिकतम तापमान 21.5 डिग्री वहीं न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आगामी चार दिन तक मौसम साफ रहेगा। साथ ही तापमान में और गिरावट होने की संभावना है। 18 जनवरी तक कड़ाके की सर्दी का असर रहेगा। उसके बाद से कड़ाके की सर्दी से राहत मिलने की संभावना है। रात का तापमान 2 डिग्री गिरा पिछले दिनों दिन व रात के पारे में जबरदस्त गिरावट हुई थी। वहीं मंगलवार को दिन के पारे में एकाएक 8 डिग्री का उछाल आ गया। वहीं रात के पारे में 2 डिग्री की गिरावट हुई। मंगलवार को अधिकतम तापमान 21.5 डिग्री व न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री दर्ज किया गया। दिन व रात के पारे में 17 डिग्री का अंतर रहा। सर्दी का असर बढ़ेगा कृषि मौसम वैज्ञानिक अतुल गालव ने बताया कि तापमान कम होने व कड़ाके की सर्दी से जीरा फसल को नुकसान हो सकता है। उन्होंने किसानों को सलाह दी है कि जीरा फसल पर टेबुकोनाजोल का स्प्रे करें। उन्होंने बताया कि जीरे के अलावा रबी की अन्य सभी फसलों के लिए कोहरा व सर्दी से फायदा होगा। इससे खेतों में पर्याप्त नमी बनी रहेगी साथ ही दाने के आकार में बढ़ोतरी होगी। वहीं, दानों की संख्या भी बढ़ेगी।


