भास्कर न्यूज| महासमुंद शराब दुकान में खुद को पुलिसवाला बताकर रौब झाड़ना एक युवक को भारी पड़ गया। सांकरा पुलिस ने नकली पिस्टल दिखाकर दुकान मैनेजर को धमकाने वाले आरोपी हिमांशु साहू को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। आरोपी ओडिशा का रहने वाला है और वह बुलेट पर सवार होकर दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा था। घटना 15 फरवरी 2026 की दोपहर की है। सांकरा स्थित शासकीय शराब दुकान में ग्राम कूड़ाखाई (ओडिशा) निवासी हिमांशु साहू बियर खरीदने पहुंचा। उसने शॉप मैनेजर नेपाल से बीयर को पेपर में लपेटकर देने को कहा। जब मैनेजर ने पेपर उपलब्ध न होने की बात कही, तो हिमांशु भड़क गया। उसने अचानक अपनी कमर से पिस्टल निकाली और मैनेजर पर तान दी। उसने चिल्लाते हुए कहा- मैं क्राइम ब्रांच का पुलिसवाला हूं, पेपर देता है या गोली मार दूं। पिस्टल देखकर दुकान में अफरा-तफरी मच गई। मैनेजर ने घबराने के बजाय तत्काल सांकरा पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची। पुलिस जांच में निकला लाइटर वाला पिस्टल पुलिस ने जब आरोपी की तलाशी ली, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जिस पिस्टल से वह लोगों को डरा रहा था, वह असल में लाइटर वाली नकली पिस्टल थी। पुलिस ने आरोपी के पास से एक नग लाइटर वाला नकली पिस्टल जब्त किया है। साथ ही एक वीवो मोबाइल, एक बुलेट मोटरसाइकिल (ओडी 17 एआर 9480), कुल 1.60 लाख रुपए आंकी गई है।


