सचिन तेंदुलकर की तारीफ के बाद प्रतिभावान क्रिकेटर सुशील मीणा को गोद लेने के राजस्थान क्रिकेट अकादमी (RCA) के कार्यक्रम से पहले जमकर घमासान हो गया। यह कार्यक्रम जयपुर में एकेडमी में था, जहां रेस्टोरेंट में RCA एडहॉक कमेटी के पदाधिकारी और जिला क्रिकेट संघों के पदाधिकारी बैठे थे। इस दौरान आरसीए के पूर्व सचिव आरएस नांदू और आरसीए के कन्वीनर विधायक जयदीप बिहाणी के बीच नोक-झोंक हो गई। दरअसल, आरसीए के पूर्व सचिव आरएस नांदू रेस्टोरेंट में पहुंचे थे। इस दौरान प्रतापगढ़ के सचिव पिंकेश पोरवाल ने नांदू से कहा- बड़े दिनों बाद नजर आए हो, आजकल मिलना ही नहीं होता। इस पर नांदू ने मजाक में जवाब दिया- आरसीए को बर्बाद कर दिया। नांदू के इतना कहते ही वहां बैठे आरसीए के कन्वीनर विधायक जयदीप बिहाणी गुस्से में आ गए। उन्होंने नांदू को जवाब दिया- क्या बर्बाद हो गया आरसीए? अच्छा-खासा चल रहा है। आप इस तरह की बात कैसे कर सकते हैं? इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। आरसीए एडहॉक कमेटी के सदस्य धर्मवीर ने कहा- पता नहीं किस बात का गुस्सा है। नांदू के नागौर जिले के 17 खिलाड़ी इस सीजन में खेल लिए हैं, फिर भी गुस्सा खत्म नहीं हुआ। रेस्टोरेंट के हॉल में उस समय करीब 25 जिला क्रिकेट संघों के पदाधिकारी मौजूद थे। लेकिन किसी ने बीच-बचाव नहीं किया। बात यहां तक बढ़ गई कि बिहाणी ने नांदू को बाहर करने को कह दिया। इस पर नांदू ने कहा- तुम मुझे बाहर करने वाले कौन होते हो? बिहाणी ने कहा- मैं आरसीए एडहॉक कमेटी का कन्वीनर हूं। मालिक हूं आरसीए का। इस पर नांदू ने कहा- आपके जैसे कई कन्वीनर आरसीए में आए और चले गए। बिहाणी फिर तमतमा गए और उन्होंने नांदू को कमरे से बाहर करवा दिया। नांदू कार्यक्रम को छोड़कर चले गए। कार्यक्रम छोड़कर जाते नांदू को किसी ने रोकने या मनाने की कोशिश नहीं की। खेल मंत्री बोले- लड़ाई-झगड़ा ठीक नहीं
सुशीला को गोद लेने के कार्यक्रम में पहुंचे खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ को इस झगड़े के बारे में बताया गया। उन्होंने कहा- इस तरह के लड़ाई-झगड़े ठीक नहीं हैं। क्रिकेट से जुड़े सभी लोगों को खेल को आगे बढ़ाने के लिए काम करना चाहिए। बेटी सुशीला की तरह नई-नई प्रतिभाओं को सामने लाने के लिए काम करना चाहिए। बता दें यह कार्यक्रम CMR में होने वाला था। लेकिन सीएम की तबीयत ठीक न होने के कारण सीएमआर की जगह आरसीए एकेडमी में हुआ। सुशीला बोली- इंडिया के लिए खेलना है तो घर छोड़ना पड़ेगा
आरसीए की ओर से गोद लेने के समारोह से पहले क्रिकेटर सुशीला मीणा (10) ने कहा- क्रिकेट में आगे बढ़ना है तो घर से बाहर रहना पड़ेगा। मम्मी-पापा और भाइयों की बहुत याद आएगी, लेकिन अब मुझे क्रिकेट को ही करियर बनाना है। इंडिया के लिए खेलना है तो घर तो छोड़ना पड़ेगा। जब मम्मी घर पर नहीं होती तो मैं अपने भाइयों के लिए खाना बनाती हूं। कपड़े-वगैरह भी धोती हूं, घर की साफ-सफाई करती हूं। पापा मजदूरी करते हैं। ज्यादातर समय अहमदाबाद में ही रहते हैं। मैं क्रिकेट खेलने के साथ-साथ घर में मां के साथ सारे काम भी करवाती हूं। ताकि मां को संबल मिल सके। हर काम में हाथ बंटवाती हूं। 5वीं कक्षा की छात्रा सुशीला ने कहा- वैसे तो मेरा मन पढ़ाई से ज्यादा क्रिकेट में लगता है लेकिन मैं हमेशा अच्छे नंबर से पास होती हूं। अब मुझे पढ़ाई भी जयपुर में करनी होगी। अपने गांव और स्कूल के साथियों को बहुत मिस करूंगी। सुशीला के पिता रत्ना मीणा ने कहा- मैं अहमदबाद में मजदूरी (प्लास्टर वगैरह) करता हूं। इसमें मुझे दिन में 300-400 रुपए मिल जाते हैं। जिस दिन से सुशीला का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर हुआ तब से मैं अहमदाबाद नहीं गया। घर का खर्च चलाना है तो मुझे काम के लिए जल्द ही अहमदाबाद जाना ही होगा। सुशीला को आगे बढ़ते देखने की खुशी है लेकिन दो बेटों के लिए तो अभी मजदूरी ही करना पड़ेगा। कानून मंत्री बोले- कोच का भी सम्मान होना चाहिए
कानून मंत्री जोगाराम पटेल ने खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ से कहा- इस प्रतिभा को जो सामने लाया है, उस कोच (ईश्वर मीणा) का भी सम्मान होना चाहिए। इस पर खेल मंत्री ने कहा-हम जल्द ही उनका भी सम्मान करेंगे। हम चाहते हैं कि इस तरह की प्रतिभाएं अन्य खेलों में भी सामने आएं। राजस्थान कई देशों से बड़ा है। यहां से बहुत से प्रतिभाएं निकाली जा सकती हैं। मैं तो चाहता हूं कि अगले 3-4 में राजस्थान से 100 मीटर का ओलिंपिक चैम्पियन निकलें, ऐसे खोज होनी चाहिए। आरसीए एकेडमी पर गोद लेने के कार्यक्रम के बाद बेटी सुशीला ने अपनी बॉलिंग का भी प्रदर्शन किया। खेलमंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ खुद उसके सामने बैटिंग के लिए आए। सुशीला की बॉलिंग सटीक थी। करीब 10 बॉल सुशीला ने फेंकी और उनमें से दो बार खेलमंत्री को बोल्ड किया। उसके बाद दोनों ने साथ में कैचिंग ड्रिल भी की। सचिन तेंदुलकर ने पोस्ट किया था सुशीला का वीडियो
दरअसल, क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर ने 20 दिसंबर को एक वीडियो X पर पोस्ट किया था। इस पोस्ट में उन्होंने पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान को टैग किया और लिखा- ‘सहज, सरल और देखने में बहुत ही प्यारा। सुशीला मीणा की गेंदबाजी में आपकी झलक दिखती है जहीर खान। क्या आपने भी इसे देखा?’ जहीर खान ने इसका जवाब दिया- ‘आप बिल्कुल सही कह रहे हैं। मैं आपसे पूरी तरह सहमत हूं। उसका एक्शन बहुत सहज और प्रभावशाली है। वे पहले से ही बहुत आशाजनक दिख रही हैं।’ तेंदुलकर के पोस्ट के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक सभी ने सुशीला के खेल की तारीफ की थी। कुछ लोग उनके बॉलिंग एक्शन की तुलना तेज गेंदबाज जहीर खान से भी कर रहे थे। इसके बाद वह सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थी। —
सुशीला मीणा से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें… सचिन से मिली तारीफ पर सुशीला बोली-मैं उन्हें नहीं जानती:सरकार मौका देगी तो देश का नाम रोशन करूंगी; दीया कुमारी ने जयपुर बुलाया राजस्थान की 12 साल की स्टूडेंट सुशीला मीणा चर्चा में है। क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर और जहीर खान जैसे नामी खिलाड़ी भी इनके फैन हो गए हैं। सचिन ने सरकारी स्कूल की ड्रेस में गेंदबाजी करती सुशीला का वीडियो शेयर किया और एक्शन को जहीर खान जैसा बताया। पूरी खबर पढ़िए… तेंदुलकर ने रील शेयर की, उस सुशीला की रियल स्टोरी:कच्चा मकान, चूल्हे पर खाना, वीडियो के बाद इतने लोग आए कि दूध-चीनी खत्म क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर ने जैसे ही ये लिखकर वीडियो शेयर किया। कुछ ही मिनटों में प्रतापगढ़ के धरियावद तहसील की 12 साल की सुशीला मीणा देशभर में चर्चित हो गई। क्रिकेटर जहीर खान, बिजनेसमैन आनंद महिंद्रा, राजस्थान की डिप्टी CM दीया कुमारी और आप सांसद संजय सिंह जैसे बड़े लोगों ने तारीफों के पुल बांध दिए। पूरी खबर पढ़िए…


