राज्य की फुटबॉल टीम के साथ आईपीएल की तैयारियों के बीच ‘आत्मघाती गोल’ हो गया है। इंडियन फुटबॉल लीग में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करने वाला राजस्थान यूनाइटेड फुटबॉल क्लब (आरयूएफसी) को इस सीजन 5 घरेलू मैच विद्याधर नगर स्टेडियम में खेलने हैं। मैचों का लाइव प्रसारण होना है, इसलिए अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने फ्लडलाइट अनिवार्य बताया है। स्टेडियम में फ्लडलाइट लगाने को तैयार की 5 करोड़ रुपए की फाइल अभी तक वित्त विभाग तक पहुंची ही नहीं। आरयूएफसी के अध्यक्ष के.के. टाक ने बताया कि वित्त विभाग सचिव से बात की तो जवाब मिला कि उनके पास ऐसी कोई फाइल आई ही नहीं है। टाक ने कहा- पता नहीं यह फाइल कहां गुम हो गई। अगर फ्लडलाइट नहीं लगी तो हमें घरेलू मैच चंडीगढ़ या हैदराबाद में शिफ्ट करने पड़ेंगे। उपमुख्यमंत्री को कई बार पत्र लिखा
टाक ने कहा कि उन्होंने इस संबंध में राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी को भी कई बार पत्र लिखा है। क्लब का पहला घरेलू मैच 13 मार्च को जयपुर में प्रस्तावित है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए दोपहर में मैच कराना मुश्किल होगा, इसलिए फ्लडलाइट जरूरी है। अब सवाल यह है कि फुटबॉल स्टेडियम की फ्लडलाइट वाली फाइल आखिर रास्ते में कहां अटक गई। क्या यह महज प्रशासनिक ढिलाई है या क्रिकेट के शोर में फुटबॉल की आवाज दब गई है। हम कोशिश कर रहे हैं। विद्याधर नगर स्टेडियम में फ्लडलाइट के लिए करीब 5 करोड़ रुपए का एस्टीमेट तैयार किया गया है, लेकिन 13 मार्च तक फ्लडलाइट लगाना आसान नहीं होगा।
-नीरज के. पवन, अध्यक्ष, स्पोर्ट्स काउंसिल


