माकड़ी| माकड़ी ब्लॉक के ग्राम पंचायत बागबेड़ा के आश्रित ग्राम खुड़ी में पंचायत स्तरीय टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट की शुरूआत सोमवार से हुई। इस दौरान सरपंच व आयोजन समिति ने पूजा-अर्चना के साथ टूर्नामेंट शुरू किया। इसमें उद्घाटन मैच गम्हरी व संडसा के बीच खेला गया, जिसमें गम्हरी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 6 ओवर में 45 रनों का स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए संडसा की टीम ने 2 विकेट खोकर आसानी से 47 रन बनाकर मैच जीत लिया। टूर्नामेंट के विजेता को 15 हजार और उपविजेता टीम को 7 हजार रूपए नगद व ट्रॉफी बतौर पुरस्कार दी जाएगी। उद्घाटन के मौके पर उपसरपंच कुंवर सिंह नेताम ने खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने प्रेरित किया। इस दौरान देवलाल मरकाम, प्रेमलाल कुंजाम, धनीराम मंडावी, चरणसिंह मंडावी, मोतीराम मरकाम, प्रसाद बघेल, घसिया शोरी, मेघनाथ, लोकेश सहित अन्य मौजूद थे।


