जनजाति क्षेत्र में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जहां बीते दिनों प्रतापगढ़ के धरियावद की सुशीला मीणा का क्रिकेटर के तौर पर नाम उभरकर सामने आया। वहीं अब बांसवाड़ा की एक और बेटी कनिष्का सिसोदिया ने क्रिकेट में बड़ा मुकाम पाया। कनिष्का का राजस्थान वुमंस अंडर-23 क्रिकेट टीम में चयन हुआ था। कनिष्का नए साल में गोवा में बीसीसीआई द्वारा आयोजित टूर्नामेंट में भाग लेने जाएगी। जानकारी के अनुसार छोटी सरवा कस्बे की रहने वाली कनिष्का सिसोदिया बीसीसीआई द्वारा आयोजित अंडर 23 T20 टूर्नामेंट में राजस्थान की ओर से खेलेगी। एडवोकेट दौलत सिंह सिसोदिया की बेटी कनिष्का बीसीसीआई की ओर से 5 जनवरी से गोवा में आयोजित वूमेन अंडर 23 टी 20 टूर्नामेंट के लिए राजस्थान की टीम से खेलेगी। बांसवाड़ा क्रिकेट संघ के सचिव मनीष देव जोशी ने बताया कि हाल ही में अंडर 23 चैलेंजर ट्रॉफी में चार विकेट और 45 रन बनाकर ऑल राउंडर प्रदर्शन करने वाली कनिष्का सिसोदिया ने अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया था। कनिष्का ने इंदौर में रहकर पढ़ाई की और वहीं से उसकी खेलों में रुचि बढ़ी और उसने क्रिकेट खेलना शुरू किया। कनिष्का की इस उपलब्धि के बाद छोटी सरवा के लोगों में खुशी छा गई और उसके घर पहुंच कर लोगों ने बधाई और शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर छोटी सरवा सरपंच विजय, व्यापारी संघ के देवेंद्र जोशी, संजय खमेसरा, सुरेश उपाध्याय, कपिल उपाध्याय आदि लोग शामिल थे।


