भास्कर न्यूज | जामताड़ा कोर्ट रोड स्थित शिव धाम मोहल्ले में हैप्पी क्लब ने वन नाइट शॉर्ट बाउंड्री क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा नेता हरिमोहन मिश्रा ने किया। टूर्नामेंट में जामताड़ा की 16 टीमों ने भाग लिया। मुख्य अतिथि हरिमोहन मिश्रा ने खिलाड़ियों से परिचय लिया। पूजा-अर्चना के बाद राष्ट्रगान के साथ टूर्नामेंट की शुरुआत हुई। टूर्नामेंट शनिवार देर शाम शुरू हुआ और पूरी रात चला। रविवार सुबह पुरस्कार वितरण किया गया। भाजपा नेता हरिमोहन मिश्रा ने कहा कि खेल सिर्फ मनोरंजन या फिटनेस का साधन नहीं है। इसके जरिए बेहतर करियर भी बनाया जा सकता है। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि जीत-हार की चिंता छोड़कर अपने अंदर के खिलाड़ी को निखारें। खेल को खेल भावना से खेलें और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें। फाइनल मुकाबला बजरंग इलेवन जामताड़ा और गांधी मैदान यूथ क्लब जामताड़ा के बीच खेला गया। टॉस जीतकर गांधी मैदान यूथ क्लब ने गेंदबाजी चुनी। बजरंग इलेवन ने छह ओवर में 62 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए गांधी मैदान यूथ क्लब की टीम छह ओवर में 30 रन पर सिमट गई। बजरंग इलेवन विजेता बना और गांधी मैदान यूथ क्लब उपविजेता रहा। मिश्रा ने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार दिया। टूर्नामेंट के सफल आयोजन में हेमंत झा और हैप्पी क्लब के सदस्यों का अहम योगदान रहा। मौके पर हैप्पी क्लब के अध्यक्ष हेमंत झा, रोहित सिन्हा, राजा झा, सत्यम सिंह, बिट्टू गुप्ता, संतोष यादव, करण, नेहरू, रितिक, राहुल, रोहित, शुभंकर, दीपांकर समेत बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।


