भास्कर न्यूज | धमतरी छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राज्य के उभरते एवं प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत प्रतिभा खोज कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इस योजना के तहत खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को खेलवृत्ति प्रदान किए जाने का प्रावधान किया गया है। संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण, छत्तीसगढ़ द्वारा प्रत्येक वित्तीय वर्ष में प्रतिभा खोज कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को खेलवृत्ति प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियाड एवं नेशनल गेम्स में शामिल खेलों की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता सीनियर, जूनियर एवं सब-जूनियर वर्ग में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को भी खेलवृत्ति का लाभ मिलेगा। इस तरह करें आवेदन: खेलवृत्ति के लिए आवेदन पत्र, राज्य खेल संघ से प्रमाणीकरण के पश्चात, खेल एवं युवा कल्याण कार्यालय रुद्री धमतरी में जमा कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 16 फरवरी निर्धारित की गई है। आवेदन पत्र का प्रारूप विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक खिलाड़ी खेल विभाग से संपर्क कर सकते हैं। एकल एवं दलीय खेलों में वही खिलाड़ी पात्र होंगे, जिन्होंने वास्तविक रूप से प्रतियोगिता में भाग लिया हो। संबंधित उपलब्धियों का प्रमाण पत्र राज्य खेल संघ के अधिकृत पदाधिकारी के माध्यम से प्रस्तुत करना अनिवार्य है। खेलवृत्ति की स्वीकृति के लिए संचालक खेल एवं युवा कल्याण सक्षम अधिकारी होंगे। {सीनियर वर्ग में- प्रथम 75 हजार, द्वितीय 50 हजार, तृतीय 40 हजार {जूनियर वर्ग में- प्रथम 60 हजार, द्वितीय 40 हजार, तृतीय 30 हजार {सब-जूनियर वर्ग में- प्रथम 50 हजार, द्वितीय 25 हजार, तृतीय 20 हजार


