इंदौर में 25 वर्षीय एमबीए छात्रा का शव नग्न हालत में उसके क्लासमेट के कमरे में मिला है। कमरे के बाहर ताला लगा हुआ था। छात्रा चार दिन से लापता थी। 10 फरवरी की रात कॉलेज के आधिकारिक वॉट्सएप ग्रुप पर युवती का एक आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट हुआ था। वीडियो में आरोपी ने अपना चेहरा इमोजी से छिपा रखा था, जबकि छात्रा की पहचान साफ हो रही थी। परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने छात्रा के मोबाइल का इस्तेमाल कर उसके स्टेटस पर भी आपत्तिजनक वीडियो लगाए और उसके संपर्क में रहे लोगों को भी भेजे। द्वारकापुरी पुलिस के मुताबिक, घटना अंकली गली की है। सूचना मिलते एफएसएल टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। जिस कमरे से शव मिला है, वह उसके क्लासमेट मंदसौर निवासी पीयूष धनोतिया का है। जो उसने किराए से ले रखा है।। दोनों सांवेर रोड स्थित एक संस्थान से एमबीए की पढ़ाई कर रहे थे। घटना के बाद से ही पीयूष लापता है। 10 फरवरी से लापता थी युवती पुलिस के अनुसार, युवती 10 फरवरी से लापता थी। उस दिन वह आधार कार्ड ठीक कराने की बात कहकर पिता के साथ घर से निकली थी। पिता ने उसे कलेक्टोरेट के पास छोड़ा था। वहां से उसने अपनी छोटी बहन को फोन कर बताया कि वह अपने क्लासमेट पीयूष के साथ बर्थडे पार्टी में जा रही है। रात 11 बजे तक लौट आएगी। बहन ने कहा कि वह यह बात खुद पिता को बता दे। इसके बाद युवती घर नहीं लौटी और उसका मोबाइल भी बंद हो गया। कॉलेज के वॉट्सएप ग्रुप पर भेजे आपत्तिजनक वीडियो बताया जा रहा है कि उसी रात कॉलेज के वॉट्सएप ग्रुप में युवती का एक आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट किया गया, जिसमें युवक का चेहरा इमोजी से ढंका हुआ था, जबकि युवती का चेहरा साफ दिख रहा था। कॉलेज प्रबंधन ने वीडियो हटाकर अगले दिन 11 फरवरी को युवती के पिता को बुलाया। बताया कि दोनों के मोबाइल फोन बंद आ रहे हैं। इसके बाद परिजन रावजी बाजार थाने पहुंचे, जहां से उन्हें पंढरीनाथ थाने भेजा गया और देर रात गुमशुदगी की एफआईआर दर्ज हुई। दिनभर तलाश, पर कार्रवाई नहीं; बदबू की शिकायत पर खुला राज 12 फरवरी को पूरे दिन युवती की तलाश चलती रही, लेकिन परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई और टालमटोल करती रही। परिवार की आशंका के आधार पर एक पुलिसकर्मी युवती के क्लासमेट पीयूष के कमरे तक पहुंचा भी, लेकिन केवल बाहर से ताला लगाकर मकान मालिक को किसी के आने पर सूचना देने की बात कहकर लौट गया, आगे कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। शुक्रवार को अंकल गली स्थित उसी कमरे से बदबू आने की शिकायत मिलने पर द्वारकापुरी पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा बंद मिलने पर ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया, जहां युवती का शव बरामद हुआ। परिजनों का आरोप है कि आरोपी युवक ने युवती के मोबाइल से उसके साथ के आपत्तिजनक वीडियो स्टेटस पर लगाने के साथ-साथ फोन में सेव नंबरों पर भी भेजे थे। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और युवक की तलाश जारी है।


