जालंधर | लायलपुर खालसा कॉलेज के पोस्ट ग्रेजुएट भूगोल विभाग ने पंजाब जियोग्राफर्स एसोसिएशन के सहयोग से जालंधर ज़ोन स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. रशपाल सिंह संधू ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। डॉ. संधू ने भूगोल विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं न केवल विद्यार्थियों के ज्ञान में वृद्धि करती हैं, बल्कि उनमें आलोचनात्मक सोच, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को भौगोलिक ज्ञान को व्यावहारिक जीवन में उतारने के लिए प्रेरित किया और विजेता टीमों को स्मृति चिह्न एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। भूगोल विभाग की अध्यक्षा डॉ. पूजा राणा ने बताया कि इस प्रतियोगिता में कुल आठ कॉलेजों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबले के बाद सरकारी कॉलेज ऑफ एजुकेशन ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि दोआबा कॉलेज दूसरे और लायलपुर खालसा कॉलेज फॉर वूमेन तीसरे स्थान पर रहा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के शैक्षणिक और व्यावहारिक ज्ञान का मूल्यांकन करना था। इस अवसर पर गणित विभाग के प्रमुख प्रो. हरजीत सिंह सहित, प्रो. हरि ओम वर्मा, प्रो. संदीप आहूजा, प्रो. कमलप्रीत कौर, प्रो. इशु, प्रो. कार्तिक और अन्य उपस्थित रहे।


