खंडवाला में स्कूल के पास पार्क बना जुआरियों का अड्डा

भास्कर न्यूज | अमृतसर शहर के खंडवाला क्षेत्र में स्थित एक सार्वजनिक पार्क इन दिनों स्थानीय निवासियों, विशेषकर अभिभावकों और स्कूली स्टाफ के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। टाइनी किड्स स्कूल और एक अस्पताल के बिल्कुल समीप स्थित इस पार्क में दिनभर कुछ असामाजिक तत्व ताश और जुए की गतिविधियों में लिप्त रहते हैं, जिसका बुरा प्रभाव स्कूली बच्चों की मानसिकता पर पड़ रहा है। पार्क का माहौल इतना खराब हो चुका है कि स्कूल की महिला शिक्षकों को सुरक्षा और असहजता के कारण स्कूल के पीछे वाले रास्ते से आने-जाने को मजबूर होना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पार्क के पास स्थित खोखों से नशा करने के बाद लोग वहीं बैठकर जुआ खेलते हैं, जिससे आसपास का वातावरण दूषित हो रहा है। खंडवाला में स्कूल के पास सार्वजनिक पार्क में जुआ खेलते लोग। इस गंभीर मुद्दे पर भाजपा यूथ अध्यक्ष (खंडवाला) विशाल शर्मा ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि स्कूल के पास नशे और जुए की गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने प्रशासन से पार्क में गश्त बढ़ाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस और नगर निगम से अपील की है कि पार्क को जल्द से जल्द असामाजिक तत्वों से मुक्त कराया जाए ताकि बच्चे और आम नागरिक वहां सुरक्षित महसूस कर सकें। अपने बच्चे को स्कूल छोड़ने आए विक्की शर्मा ने बताया कि पार्क में जुआ खेलते लोगों को देख बच्चे अक्सर सवाल पूछते हैं कि ये लोग यहां क्या कर रहे हैं। अभिभावकों के पास बच्चों को देने के लिए कोई जवाब नहीं होता। उन्होंने कहा कि स्कूल और अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थानों के पास ऐसी गतिविधियां बच्चों की सोच को नकारात्मक रूप से प्रभावित कर रही हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *