खरगोन में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने कपास मंडी में ‘महिला संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान खंडवा महापौर अमृता यादव ने केंद्र सरकार के ‘विकसित भारत बजट’ पर मार्गदर्शन दिया। महापौर अमृता यादव ने बजट को महिलाओं के सम्मान और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने वाला कदम बताया। उन्होंने लाडली बहना, उज्ज्वला योजना और लखपति दीदी जैसी योजनाओं को महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाली बताया। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से इन योजनाओं का लाभ स्वयं लेने के साथ-साथ दूसरों को भी दिलाने का आग्रह किया। इस ‘महिला संवाद’ कार्यक्रम में खरगोन और बड़वानी जिले से 800 से अधिक महिलाएं शामिल हुईं। जिलाध्यक्ष नंदा ब्राह्मणे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं पर अटूट भरोसा किया है। उन्होंने महिलाओं से उनके जीवन में बदलाव लाने के लिए बनाई गई योजनाओं पर विश्वास रखने का आह्वान किया। खरगोन विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने बताया कि केंद्र सरकार ने इस बात को ध्यान में रखा है कि बजट से सबसे अधिक महिलाएं प्रभावित होती हैं। इसलिए सरकार ने महिलाओं के बीच जाकर उन्हें बजट के फायदों से अवगत कराने का निर्णय लिया है। उन्होंने यह भी कहा कि ‘विकसित भारत’ के लिए बजट में कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं।


