खंडवा में एक ब्यूटी पॉर्लर संचालिका को डिजिटल अरेस्ट कर 3 लाख 12 हजार रूपए ऐंठ लिए गए। महिला को मनी लॉड्रिग केस में जुड़ा होना बताकर धमकाया गया। मोबाइल पर वीडियो कॉल कर घंटों तक डिजिटल अरेस्ट रखा और अलग-अलग एप डाउनलोड कराकर पैसे ट्रांसफर करवाएं। पुलिस के मुताबिक, महिला के साथ 7 दिसंबर को वारदात हुई थी। 3 दिन तक परेशान होने के बाद इंदौर में पदस्थ एसीपी सीमा अलावा को जानकारी दी। अलावा पूर्व में खंडवा एडिशनल एसपी रह चुकी हैं। अलावा की सलाह पर महिला ने साइबर सेल में शुक्रवार को शिकायत की। बताया कि सुबह 11 बजे उसके पास फोन आया था। कॉलर ने कहा कि आपके नंबर से बुकिंग पार्सल को आगे नहीं भेजा सकता है। उस पार्सल में संदिग्ध वस्तु मिली है। रिकॉर्डेड फोन करने वाले ने बताया कि इस मामले में कस्टमर केयर से बात करने के लिए दो दबाएं। महिला ने कोई रिप्लाई नहीं किया तो दूसरी बार फोन आया। इस बार महिला ने दो नंबर दबा दिए। इस पर बात करने वाले ने बताया कि आपने दिल्ली से बैंकाक के लिए पार्सल बुक किया है। इसमें अवैध सामान मिला है। महिला ने इनकार किया तो उसका आधार नंबर बताते हुए कहा कि आपके नाम से ही बुकिंग है। इसकी रिपोर्ट दिल्ली साइबर सेल में करनी होगी। उसने कॉल को दूसरे नंबर पर ट्रांसफर कर दिया। पैसा लौटाने का कहकर सॉफ्टवेयर से कराया ट्रांजेक्शन
अगले दिन फोन कर कहा कि स्कैम से निकलना है तो आरबीआई के एसएस साफ्टवेयर में रुपए डालो। मेरा पूरा पैसा मुझे अगली सुबह 9 बजे लौटा दिया जाएगा। इस तरह से अलग-अलग ट्रांजेक्शन से 3 लाख 12 हजार रुपए ट्रांसफर करवा लिए। इधर, एसपी मनोज कुमार राय का कहना है कि महिला के साथ कुछ दिन पहले यह घटना घटी है। शिकायत के आधार पर जांच करवा रहे हैं।


