खंडेला-श्रीमाधोपुर रोड पर ग्राम होद में शनिवार को एक सड़क हादसे में वृद्ध बाइक सवार की मौत हो गई। तेज रफ्तार टैंकर ने सड़क पार कर रहे बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, खटूंदरा निवासी 65 वर्षीय रामनाथ योगी पुत्र कजोड़मल शनिवार को ग्राम होद में सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान खंडेला-श्रीमाधोपुर मार्ग से गुजर रहे एक टैंकर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल रामनाथ योगी को तुरंत राजकीय उप जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। मृतक का शव राजकीय चिकित्सालय की मॉर्च्यूरी में रखवाया गया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। बताया जा रहा है कि मृतक के बेटे गुजरात में रहते हैं। उनके खंडेला पहुंचने के बाद रविवार को शव का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।


