खजराना में स्कूल के नवीनीकरण का लोकार्पण:जेलों में अपराधियों की संख्या कम करने के लिए शिक्षा जरूरी

जेल में अपराधियों की भीड़ कम करने व अस्पतालों में बीमारों की तादाद कम करने के लिए, शिक्षा ही एकमात्र रास्ता है। बच्चे अगर शिक्षित होंगे तो, अपराध की दुनिया से बचेंगे एवं स्वास्थ्य के प्रति भी जागरुक रहेंगे, साथ ही बढ़ते नशे की प्रवृत्ति को रोकने के लिए संगठित प्रयास करने होंगे। उक्त बातें विभिन्न वक्ताओं ने खजराना गोया स्थित शासकीय उर्दू माध्यमिक विद्यालय के नवीनीकरण कार्य का लोकार्पण समारोह में व्यक्त की। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि संयुक्त संचालक शिक्षा अनीता चौहान ने कहा कि क्षेत्र के नागरिक सहयोग करें शिक्षा विभाग अच्छे से अच्छे शिक्षक उपलब्ध कराकर बच्चों का भविष्य संवारने में सहयोग करेगा। बच्चे आने वाले समय के देश के निर्माता है इन सब की शिक्षा की तरफ ध्यान देना हम सब का सामूहिक दायित्व है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए शहर काजी डॉ. इशरत अली ने कहा कि बच्चों में शिक्षा की तरफ माता-पिता द्वारा ध्यान नहीं दे पाने के कारण ड्राप आउट हों रहे हैं। शहर में नशाखोरी तेजी से बढ़ रही है, जिसको लेकर हम नशे के खिलाफ सामूहिक रूप से प्रयास करें और नशे की बुराई को खत्म कर बच्चों को शिक्षा की तरफ जोड़े। खजराना उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्य एवं संकुल प्रभारी डॉ. अल्पना आर्य ने कहा कि हम सब मिलकर नागरिक पालक एवं शिक्षक विद्यार्थियों का भविष्य बनाने में सामूहिक रूप से एक दूसरे के सहयोग से प्रयास करें, जिससे आने वाले समय में हम अच्छे से अच्छे रिजल्ट दे सके। कार्यक्रम में आईडीए के पूर्व उपाध्यक्ष टीआर पगारे, क्षेत्रीय पार्षद उस्मान पटेल, रुबीना खान, सामाजिक कार्यकर्ता अन्नू पटेल, आदिल सईद, राजू सैनी, डॉ. शारिक शेख़ ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय के प्राचार्य मो. इलियास खान ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि इस स्कूल को हमें आदर्श स्कूल बनाना है। जन सहयोग से कंप्यूटर, फर्नीचर सहित अन्य सामग्री एकत्रित कर इसे एक आदर्श स्कूल के रूप में स्थापित करना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *