भास्कर न्यूज | कवर्धा/सहसपुर लोहारा नगर पंचायत सहसपुर लोहारा के वार्ड- 13, 14 और 15 में चूना पत्थर खदान और क्रेशर मशीन संचालित है। खदानों में हैवी ब्लॉस्टिंग से स्कूल और घरों की छत पर पत्थर गिर रहे हैं। भूजल स्तर भी गिर गया है, जिससे बोरपंप फेल हो रहे हैं। इसे लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। समस्या से परेशान 150 से ज्यादा लोग बुधवार को कवर्धा पहुंचे। पोस्टर, बैनर लेकर रैली की शक्ल में कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान खदानों को बंद करने और पानी बचाने को लेकर आवाज उठाई। लोहारा के वार्ड-13 के पार्षद रौशन वैष्णव, वार्ड-14 की पार्षद फुलेश्वरी अंजू पटेल और वार्ड- 15 के पार्षद चित्राखन पटेल ने बताया कि लोहारा में नारायण यादव, कौशल चंद्रवंशी और कमल सिंघानिया द्वारा संचालित चूना पत्थर खदानों और क्रेशर मशीनों को लेकर स्थानीय लोग परेशान हैं। इन खदानों में रोजाना ब्लॉस्टिंग की जाती है। इसके कारण कई हैंडपंप और बोरवेल क्षतिग्रस्त हो गए हैं। जल संकट भी गहरा गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इन खदानों की तत्काल जांच कराने और नियमों के विरूद्ध पाए जाने पर इन्हें बंद करने की मांग की है। साथ ही बोर ब्लॉस्टिंग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, खदानों से निकलने वाले पत्थर के परिवहन को बस्ती के अंदर से रोकने और खदान संचालकों द्वारा पानी निकालने की प्रक्रिया पर रोक लगाने मांग की गई है। खदानों से पानी निकालने के लिए बड़े ट्यूबवेल लगाए गए हैं, जिससे गर्मी में जलस्तर तेजी से गिर रहा है। मामले में जिला खनिज अधिकारी योगेश साहू का कहना है कि सभी खदानों व क्रेशर प्लांट की जांच की जा रही है। पिछले दिनों मो. बशीर के खदान की जांच की गई थी। शेष खदानों की भी जांच कर रहे हैं। लोहारा के लोगों ने जो शिकायत की है, उस पर भी जांच कार्रवाई करेंगे।


