खनिज विभाग ने 2 जेसीबी और 5 ट्रैक्टर किए जब्त:अवैध मिट्टी-मुरुम उत्खनन पर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में कार्रवाई

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में अवैध खनन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। दो अलग-अलग मामलों में कुल 2 जेसीबी मशीनें और 5 ट्रैक्टर जब्त किए गए हैं। दरअसल, जिला खनिज अधिकारी को सूचना मिली थी कि भदौरा गांव में एक जेसीबी और तीन ट्रैक्टरों के साथ मिट्टी-मुरुम का अवैध उत्खनन व परिवहन किया जा रहा है। वहीं, दुबटिया क्षेत्र में भी एक जेसीबी और दो ट्रैक्टर मौके पर अवैध खनन करते पकड़े गए। खनिज विभाग को सूचना मिलने पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी वाहनों को मौके से जब्त कर लिया। ये वाहन बिना किसी वैध अनुमति के मिट्टी-मुरुम निकालकर परिवहन कर रहे थे। विभाग ने इसे अवैध खनन मानते हुए सख्ती बरती है। इस कार्रवाई के बाद उत्खनन में शामिल लोगों में हड़कंप मच गया। जब्ती के बाद भदौरा के ग्रामीण और जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों का कहना है कि यह मिट्टी-मुरुम प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर निर्माण के लिए ले जाया जा रहा था। खनिज विभाग ने संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ माइनिंग एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला खनिज अधिकारी आदित्य मानकर ने बताया कि अवैध उत्खनन और परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *