खन्ना की मीट मार्केट को पुलिस ने लिया गोद:इलाका हॉट-स्पॉट में शामिल था; कैबिनेट मंत्री बोले- दाग मिटाकर जिंदगी संवारेंगे

पंजाब में ‘ऑपरेशन प्रहार–2’ के तहत गैंगस्टरों और नशा तस्करों पर कार्रवाई की बीच पंजाब पुलिस ने एक नई जनहितैषी पहल शुरू की है। इसका उद्देश्य नशा तस्करी के हॉट स्पॉट इलाकों को गोद लेकर वहां के परिवारों का जीवन स्तर सुधारना और उन्हें मुख्यधारा से जोड़कर नशा मुक्त समाज बनाना है। इस मुहिम की शुरुआत पुलिस जिला खन्ना से हुई है। SSP खन्ना डॉ. दर्पण आहलूवालिया की देखरेख में खन्ना शहर के सबसे बड़े नशा तस्करी हॉट स्पॉट ‘मीट मार्केट’ इलाके को गोद लिया गया। इस अवसर पर पंजाब के कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद भी उपस्थित रहे। पुलिस और सिविल प्रशासन के सहयोग से इस इलाके के परिवारों के लिए एक व्यापक विकास योजना तैयार की गई है। मंत्री बोले- दाग मिटाना चाहती है सरकार कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने यहां के लोगों से सीधे संवाद किया और उनसे नशा बेचने व सेवन करने से पूरी तरह दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह इलाका अब तक अपनी बदनामी के लिए जाना जाता था, लेकिन सरकार अब इस दाग को मिटाकर यहां के लोगों का जीवन संवारना चाहती है। मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने कहा कि इसी उद्देश्य से इस क्षेत्र को गोद लिया गया है, ताकि परिवारों को रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाएं मिल सकें। महिलाओं को प्रेरित किया मंत्री ने विशेष रूप से महिलाओं को सेल्फ हेल्प ग्रुप बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनुदान दिया जाएगा। इसके अलावा, इलाके की पूरी तरह सफाई करवाई जाएगी, इसे हरा-भरा बनाया जाएगा, बच्चों को स्कूलों में दाखिला दिलाया जाएगा और महिलाओं को सिलाई मशीन या अन्य स्वरोजगार के साधनों से जोड़ा जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *