पंजाब के खन्ना में दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे पर एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। मंडी गोबिंदगढ़ से 43 ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर जा रहा एक टेंपो गुरु अमरदास मार्केट के पास पुल पर आगे जा रहे एक ट्रक से टकरा गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। सड़क सुरक्षा फोर्स के सब इंस्पेक्टर सुखदेव सिंह के अनुसार, टेंपो चालक उमेश, जो उत्तर प्रदेश के आदमगढ़ का रहने वाला है, लापरवाही और तेज स्पीड से वाहन चला रहा था। उन्होंने बताया कि चालक की खतरनाक ड्राइविंग की वजह से यह हादसा हुआ। सौभाग्य से कोई भी सिलेंडर सड़क पर नहीं गिरा, वरना यह एक बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता था। कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम मंजी साहिब से करीब 10 मिनट में घटनास्थल पर पहुंच गई। चालक उमेश को कोई गंभीर चोट नहीं आई और उसने इलाज से इनकार कर दिया। पुलिस ने चालक का खतरनाक ड्राइविंग का चालान काट दिया। सुरक्षाबलों ने जेसीबी की मदद से हादसाग्रस्त वाहन को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। वाहन के मालिक सौरव को भी मंडी गोबिंदगढ़ से बुलाया गया।


