लुधियाना जिले के खन्ना में भगवान श्री वाल्मीकि जी की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने मुख्य अतिथि के रूप में शोभायात्रा का नेतृत्व किया। शोभायात्रा के दौरान शहर का माहौल पूरी तरह धार्मिक रंग में रंग गया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा की और ‘जय वाल्मीकि’ के जयघोष गूंजते रहे, जिससे भक्तिमय वातावरण बन गया। कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने भगवान वाल्मीकि को नमन करते हुए कहा कि समाज में शांति, समानता और भाईचारे की स्थापना के लिए उनके दिखाए मार्ग पर चलना चाहिए। उन्होंने बताया कि भगवान वाल्मीकि एक महान ऋषि, कवि और विद्वान थे, जिन्होंने पवित्र ग्रंथ रामायण की रचना कर मानव समाज को सत्य, अहिंसा और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। भगवान वाल्मीकि ने दी अन्याय के खिलाफ लड़ने की शिक्ष्रा सौंद ने आगे कहा कि भगवान वाल्मीकि जी ने समाज को नैतिकता और सच्चाई का पाठ पढ़ाने के साथ-साथ अन्याय और अत्याचार के खिलाफ खड़े होने की भी शिक्षा दी। उन्होंने जोर देकर कहा कि भगवान वाल्मीकि जी इस धरती पर अहिंसा और मानवीय मूल्यों के पहले प्रचारक थे, जिन्होंने आपसी सद्भाव, समानता और भाईचारे को सर्वोच्च महत्व दिया। मंत्री ने भगवान वाल्मीकि जी को भारतीय संस्कृति का पिता बताते हुए कहा कि वे न केवल अनुसूचित जातियों और कमजोर वर्गों के देवता हैं, बल्कि समूचा समाज उनका सम्मान करता है। उन्होंने सभी को जयंती की शुभकामनाएं देते हुए उनके जीवन आदर्शों से प्रेरणा लेकर सामाजिक एकता और मानवीय कल्याण की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया।