बंशीधर नगर| चेचरिया गांव के वार्ड तीन स्थित राजकीय कृत अंबालाल पटेल बालिका उच्च विद्यालय के समीप बना जलमीनार करीब छह महीनों से खराब पड़ी थी। जलमीनार बंद रहने से आसपास के लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा था। मामले को लेकर दैनिक भास्कर में एक मार्च को खबर प्रकाशित होने के बाद नगर पंचायत प्रशासन हरकत में आया है। नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राजकमल मिश्रा ने सात मार्च को आदेश जारी करते हुए संवेदक को नगर पंचायत क्षेत्र में लगाए गए सभी जलमीनारों को सात दिनों के अंदर दुरुस्त करने का निर्देश दिया है। साथ ही इसकी सूचना नगर पंचायत कार्यालय को देने को कहा गया है। विदित हो कि विद्यालय परिसर में मौजूद यूकेलिप्टस के पेड़ काटने के दौरान सोलर प्लेट को नुकसान होने की आशंका के कारण नगर पंचायत के निर्देश पर संवेदक ने जलमीनार का सोलर प्लेट खोलकर हटा दिया था। इसके बाद से जलमीनार बंद पड़ा था, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी हो रही थी। कार्यपालक पदाधिकारी ने निर्देश दिया है कि नगर पंचायत क्षेत्र में स्थापित सभी जलमीनारों की जांच कराई जाएगी। जहां-जहां जलमीनार खराब हैं, वहां मरम्मत, नल लगाने और पाइपलाइन दुरुस्त करने का काम जल्द पूरा किया जाए, ताकि लोगों को पेयजल की समस्या से राहत मिल सके। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि यदि सात दिनों के भीतर जलमीनारों को दुरुस्त नहीं किया गया तो संबंधित संवेदक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि जलमीनार लंबे समय से बंद रहने के कारण उन्हें दूर से पानी लाना पड़ रहा था। अब प्रशासन के निर्देश के बाद जल्द समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है। बाइक दुर्घटना में युवक घायल गढ़वा| गढ़वा-रेहला मार्ग पर गोल्डन पेट्रोल पंप के समीप हुई दुर्घटना में एक युवक घायल हो गया। युवक की पहचान धुरकी थाना क्षेत्र के भंडार गांव निवासी अनिल यादव का 27 वर्षीय पुत्र सच्चिदानंद यादव के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि वह अपनी बहन को लेकर रेहला से घर लौट रहा था। इस दौरान गोल्डन पेट्रोल पंप के पास बाइक से अनियंत्रित होकर गिर गया।


