खरगोन में भाजपा के कार्यालय मंत्री मोहन राठौड के खिलाफ पुलिस में शिकायत के दूसरे दिन भाजपाई नगर पालिका CMO एमआर निगवाल के खिलाफ लामबंद हुए। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम कलेक्टर को पत्र सौंपा। उन्होंने CMO पर आमजन और जनप्रतिनिधियों से अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए। गुरुवार शाम को खरगोन नगर पूर्व मंडल अध्यक्ष अभिलाष अत्रे, पश्चिम नगर मंडल अध्यक्ष रवि वर्मा की अगुआई में एक प्रतिनिधि मंडल ने संयुक्त कलेक्टर सत्यनारायण दर्रे को पत्र सौंपा। इसमें बताया गया कि सीएमओ आमजन और जनप्रतिनिधियों से अभद्र व्यवहार और अपशब्दों का प्रयोग करते आ रहे हैं। इस दौरान जिला मंत्री ललित सोनी, कार्यालय मंत्री मोहन राठौड़, मीडिया प्रभारी प्रकाश भावसार, जिला संयोजक मनीष गुजराती, नगर मंडल उपाध्यक्ष लोकेश भावसार, महामंत्री राकेश चौहान सहित अन्य मौजूद थे। कर्मचारियों का सहारा लेकर दूसरे दिन की शिकायत पत्र में बताया गया कि भाजपा जिला कार्यालय मंत्री मोहन राठौड़ ठेकेदार है। वह नगर की समस्याओं और अपने काम से 17 दिसंबर को दोपहर 2 बजे सीएमओ से मिलने दफ्तर गए थे। चर्चा के दौरान सीएमओ ने उत्तेजित होकर उनसे अभद्रता और गाली-गलौज की। जब उन्हें समझाने का प्रयास किया तो कक्ष से बाहर आ गए और अपनी गलती छिपाने के लिए दूसरे दिन कर्मचारियों का सहारा लेकर थाने में झूठी शिकायत की। भाजपाईयों ने बताया कि सीएमओ के अभद्र व्यवहार लंबे समय से जनप्रतिनिधियों और जनता में रोष है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाए।


